करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का किया शुभारंभ

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का किया शुभारंभ


राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2024 : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रायपुर देहरादून में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया और विभिन्न प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के पदक विजेता खिलाड़ियों को भी सीधी भर्ती के पदों पर अन्य खिलाड़ियों की तरह चार प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। साथ ही खेल महाकुंभ में जनपद स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी स्पोर्ट्स किट प्रदान की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने ओलंपिक में स्कीइंग में प्रतिभाग करने वाली खिलाड़ी अमीषा चौहान को 50 लाख की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया। एथलेटिक्स में 27वीं नेशनल फेडरेशन में स्वर्ण पदक जीतने वाली सोनिया को दो लाख और  22वें नेशनल फेडरेशन जूनियर में राहुल सरनालिया को स्वर्ण पदक जीतने पर एक लाख रुपए का  प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ विशिष्ट आयोजन है। इसमें खिलाड़ियों को ग्राम पंचायत से लेकर ब्लॉक, जनपद होते हुए, राज्य स्तर तक प्रतिभा प्रदर्शन का मौका मिलता है।  इससे राज्य में खेल संस्कृति विकसित करने में मदद मिल रही है। साथ ही खेल महाकुंभ युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही अनुशासन और टीम वर्क की भावना विकसित करने में भी योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष खेल महाकुंभ में सवा तीन लाख से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था, इस बार का आयोजन इस रिकॉर्ड को तोड़ने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि इस बार के खेल महाकुंभ में विभिन्न स्तर के विजेता खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से 11 करोड़ रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। इसलिए खिलाड़ी आगे आकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शन करें।

मुख्यमंत्री ने कहा आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का भी तेजी से विकास किया जा रहा है। प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यह पूरे देश के खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है। यह आयोजन खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने में मील का पत्थर साबित होगा।
हमारी सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को लगातार आगे बढ़ाने और प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ही प्रदेश में नई खेल नीति लागू की गई है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ