करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

उत्तराखंड में पहली बार हो रहे विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो का केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ

उत्तराखंड में पहली बार हो रहे विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो का केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ


देहरादून:  केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री श्री एमपी प्रतापराव जी के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में पहली बार आयोजित हो रहे 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो का परेड ग्राउंड में शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने एक्सपो में प्रदर्शित विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया। 
चार दिन तक चलने वाले सम्मलेन में देश-विदेश से आयुर्वेदिक विशेषज्ञ उत्तराखंड पहुंचे हैं। इस सम्मेलन में आयुर्वेद चिकित्सा को बढ़ावा देने पर मंथन किया जाएगा। इसके अलावा आयुर्वेद विशेषज्ञ 600 शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो में तीन दिन इंटरनेशनल असेंबली का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय आयुष मंत्रालय के स्तर पर विदेशों में स्थापित आयुष चेयर के प्रतिनिधि इस असेंबली में आयुर्वेद पर विचार-विमर्श करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने कहा यह सम्मेलन न केवल आयुर्वेद के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा, बल्कि इसके मंथन से निकले निष्कर्ष “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयः” की भावना को संपूर्ण विश्व में साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सीएम धामी ने कहा आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में आयुष मंत्रालय ने आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाई है। हमारी सरकार भी प्रदेश में आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और जन-जन तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आरोग्य केंद्रों के साथ-साथ आयुष चिकित्सालयों की स्थापना कर रही है। आयुर्वेद वह विज्ञान है जिसके अध्ययन से हम अपनी जीवन शैली का स्वास्थ्य की दृष्टि से विश्लेषण कर सकते हैं। हमारी डबल इंजन सरकार द्वारा आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गई हैं।
सम्मलेन में 12 से 14 दिसंबर तक हर दिन असेंबली का कार्यक्रम रखा गया है। प्रमुख रूप से अमेरिका, ब्रिटेन, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, इटली, स्पेन, फ्रांस, जर्मनी, स्वीडन, कनाडा, नीदरलैंड, पुर्तगाल सिंगापुर जैसे देशों में स्थापित आयुष चेयर के डेलीगेट्स असेंबली का हिस्सा होंगे।
विश्व आयुर्वेद कांग्रेस के लिए 6500 से अधिक डेलीगेट्स ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा आयुर्वेद फार्मा कंपनियों की ओर से 300 स्टॉल पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। एक्सपो में आम लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 12 आयुष क्लीनिक भी संचालित होंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ