करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

उत्तराखंड : बुजुर्ग महिलाओं के लिए सरकार लाने जा रही है विशेष योजना ड्राफ्ट हो रहा तैयार

 
उत्तराखंड : बुजुर्ग महिलाओं के लिए सरकार लाने जा रही है विशेष योजना ड्राफ्ट हो रहा तैयार

देहरादून : राज्य सरकार अब बुजुर्ग महिलाओं की जरूरतों के अनुरूप विशेष योजना लाने की तैयारी में है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की पहल पर राज्यभर में वरिष्ठ महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का सर्वे किया जा रहा है। इस सर्वे के आधार पर विस्तृत ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा और आगामी वित्तीय वर्ष से योजना को लागू करने की तैयारी है। 

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक प्रस्तावित योजना गरीब, मध्यम और सक्षम तीनों वर्गों की महिलाओं के लिए होगी। सरकार यह समझना चाहती है कि इन वर्गों की वरिष्ठ महिलाओं के सामने जीवन यापन, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी क्या चुनौतियां हैं।

प्रदेश की जरूरतमंद महिलाओं को समाज कल्याण विभाग की ओर से अब तक केवल वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। लेकिन सरकार पेंशन के अतिरिक्त उनके लिए पोषण या किसी अन्य आवश्यक सहयोग पर भी सरकार मंथन कर रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इन महिलाओं के लिए आसपास के स्कूलों में संचालित पीएम पोषण योजना के तहत गर्म भोजन की व्यवस्था की जा सकती है।

सैनिक बहुल राज्य होने के कारण यहां बड़ी संख्या में वीर नारियां निवास करती हैं। इसके अलावा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाली बुजुर्ग महिलाओं की परिस्थितियां भी अलग हैं। विभाग इन सभी वर्गों से सीधे संवाद कर उनकी वास्तविक जरूरतों को समझने की कोशिश कर रहा है। साथ ही यह भी आकलन किया जाएगा कि परिवारों में उनकी देखभाल की स्थिति कैसी है।

बुजुर्ग महिलाओं का होगा सम्मान 

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली बुजुर्ग महिलाओं को देहरादून में सम्मानित किया जायेगा।  




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ