करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

उत्तराखंड : आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं का बढ़ेगा मानदेय

उत्तराखंड : आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं का बढ़ेगा मानदेय


देहरादून : राज्य सरकार जल्द ही भोजन माताओं, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने जा रही है। इस संबंध में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण एवं बाल विभाग शासन को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। सरकार की ओर से इसके लिए प्रमुख सचिव आरके सुधांशु की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। 

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशीलाल राणा के अनुसार विभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय के संबंध में शासन को अपनी रिपोर्ट दे चुका है। जिसमें बताया गया है कि केंद्र व राज्य सरकार इन्हें कितना मानदेय दे रहे हैं।

प्रदेश में कार्यरत 40 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं  पिछले काफी समय से मानदेय वृद्धि की लगातार मांग करती आ रही हैं। अभी इन्हें केंद्र सरकार की तरफ से 4500 रुपये और राज्य सरकार की ओर से प्रतिमाह 4800 रुपये मानदेय दिया जा रहा है। इनकी मांग को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा इनका मानदेय बढ़ाए जाने पर विचार किया जा रहा है।

शिक्षा विभाग ने बताया कि प्रदेश में पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत 24000 भोजन माताओं को वर्तमान में 3000/- रुपये मानदेय दिया जा रहा है। इसमें 900 केंद्र सरकार एवं 100 रुपये राज्यांश है। इसके अलावा राज्य सरकार 2000 रुपये अगल से देती है।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इनके मानदेय के संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय के साथ ही 12000 आशा कार्यकर्ताओं का भी मानदेय बढ़ाया जाएगा। 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ