करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

उत्तराखंड : ऋषिकेश के सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपी सुरेश को छुटमलपुर से किया गिरफ्तार

उत्तराखंड : ऋषिकेश के सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपी सुरेश को छुटमलपुर से किया गिरफ्तार


ऋषिकेश : उत्तराखंड के ऋषिकेश में सनसनीखेज हत्याकांड में फरार आरोपी सुरेश गुप्ता को पुलिस ने उत्तरप्रदेश के छुटमलपुर (सहारनपुर) से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एम्स ऋषिकेश में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत 32 वर्षीय प्रेमिका प्रीति रावत की 31 जनवरी की रात शिवाजी नगर स्थित उनके किराये के मकान में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्या का कारण प्रेमिका का शादी से इन्कार करना बताया जा रहा है।

देहरादून के वरिष्ठ अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि मूल रूप से  यमकेश्वर निवासी तलाकशुदा प्रीति रावत जो एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में काम कर रही थी और ऋषिकेश के शिवजी नगर, गली नंबर 16 में अकेली रह रही थी। उनका सुरेश गुप्ता से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुरेश ने प्रीति से शादी के लिए अपनी पत्नी से तलाक ले लिया था। और लक्सर में अपनी पैतृक सम्पति 35 लाख में बेच दी थी। लेकिन प्रीति रावत के शादी से मुकरने से खफा होकर सुरेश गुप्ता हाल निवासी आवास विकास काॅलोनी ऋषिकेश मूल निवासी ग्राम दरगाहपुर थाना लक्सर जिला हरिद्वार ने 31 जनवरी की रात करीब 9-10 बजे की बीच गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी।

पुलिस पूछताछ में सुरेश ने बताया कि करीब तीन-चार साल से उसका प्रीति रावत के साथ प्रेम संबंध था। वह उससे शादी करना चाहता था। प्रीति व उसके परिवार ने भी शादी का आश्वासन दिया था, जिस कारण उसने अपनी पत्नी से तलाक ले लिया था।

सुरेश ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी जमा पूंजी प्रीति रावत के ऊपर खर्च कर दी थी। लेकिन कुछ समय बाद प्रीति रावत शादी करने से इन्कार करने लगी। उसके परिवार से बात करने का प्रयास किया लेकिन प्रीति नहीं मानी और छोटी-छोटी बातों पर अक्सर झगड़ा करने लगी थी। ऋषिकेश में घर खरीदने को लेकर प्रीति और उसके परिजनों का दबाव बढ़ने पर विवाद गहरा गया। इसी झल्लाहट और अवसाद में 31 जनवरी की रात उसने प्रीति की गोली मार कर हत्या कर फरार हो गया था ।

सोशल मीडिया पर आरोपी सुरेश गुप्ता की बड़े भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें उसे भाजपा नेता या कार्यकर्ता बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की आधिकारिक जांच में अभी तक उसकी किसी राजनीतिक दल से संबद्धता की पुष्टि नहीं हुई है और न ही घटना में कोई राजनीतिक कोण सामने आया है।

पुलिस ने गिरफ्तार सुरेश से पूछताछ के बाद हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद कर ली है। मामले में BNS धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सोची-समझी साजिश लग रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ