करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

मां राजराजेश्वरी नंदा देवी बड़ी जात और राजजात पर सहमति बनाने की कोशिश, मुख्यमंत्री धामी से मिले पदाधिकारी

मां राजराजेश्वरी नंदा देवी बड़ी जात और राजजात पर सहमति बनाने की कोशिश, मुख्यमंत्री धामी से मिले पदाधिकारी

देहरादून : मां राजराजेश्वरी नंदा की बड़ी जात और राजजात पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। बीते दिन बड़ी जात के संबंध में आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंटकर उन्हें ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने मां नंदा की डोलियों व छंतोलियों के यात्रा पड़ावों के रख-रखाव व सुविधाएं विकसित करने के लिए संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित करने की मांग की थी। इस पर सीएम ने गढ़वाल कमिश्नर को बड़ी जात आयोजन समिति और नंदा राजजात समिति दोनों के साथ बैठक कर एक राय बनाने को कहा।

बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत (सेनि) और महामंत्री अशोक गौड़ ने मुख्यमंत्री से कहा कि नंदा देवी बड़ी जात 2026 में ही आयोजित करने की इच्छा मां नंदा ने जताई है। समस्त क्षेत्र की जनभावनाओं के अनुरूप ही मां नंदा की बड़ी जात का आयोजन किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने गढ़वाल कमिश्नर को नंदा जात को लेकर समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मामले का हल निकालने के निर्देश दिए। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने कहा कि जल्द ही नंदा समितियों (नंदा बड़ी जात और नंदा राजजात समिति) के पदाधिकारियों के बीच बैठक की जाएगी जिसमें नंदा की जात के आयोजन पर एकराय बनाई जा सके।

उन्होंने कहा कि नंदा राजजात भव्य और दिव्य बने इसके लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। जल्द इस संबंध में दोनों समितियों के साथ बैठक की जाएगी। इस मौके पर कुमाऊं राज परिवार के युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह, बीकेटीसी के पूर्व अध्यक्ष व उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विनोद नौटियाल, मां नंदा देवी राजजात समिति अल्मोड़ा के अध्यक्ष मनोज वर्मा, राज परिवार के धीरेंद्र सिंह, पार्षद अमित साह, पार्षद अर्जुन बिष्ट, राज परिवार के विक्रम सिंह साह, नंदा देवी समिति के सदस्य आशीष अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ