उत्तरकाशी : हर्षिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत झाला में स्थित होटल में काम कर रहे एक युवक की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई। युवक की मौत का पता चलते ही होटल और उसके आस पास दहशत का माहौल बन गया। मौत की सूचना मिलने पर मौके पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार युवक झाला के एक होटल में कर्मचारी था और वह मंगलवार देर रात को क्षेत्र में बर्फबारी के चलते अधिक ठंड होने के कारण अपने कमरे में अंगीठी जलाकर सोया था। सुबह जब होटल में ठहरे यात्रियों को वह दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने इसकी सूचना होटल संचालक को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो सबने देखा कि कमरे के अंदर धुआं भरा हुआ था और युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। जब लोगों ने जांच की तो पाया की युवक की मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना हर्षिल पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही हर्षिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला अंगीठी से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने का प्रतीत हो रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महेश (25) के रूप में हुई है, जो झाला के एक होटल में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। बीती मंगलवार रात क्षेत्र में भारी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के चलते महेश अपने कमरे में अंगीठी जलाकर सो गया था।
0 टिप्पणियाँ