ज्योतिर्मठ : श्री हेमकुंड साहिब एवं पौराणिक श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शुक्रवार को दोपहर 1:30 बजे विधिवत रूप से शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इससे पहले गोविंद धाम (घांघरिया) से रागियों सहित 4 हजार श्रद्धालु श्री हेमकुंड साहिब पहुंचे। खुशनुमा मौसम और बर्फ से ढकी सप्तश्रृंग घाटी के दिव्य नज़ारे के बीच, इस पवित्र क्षण पर, अमृतसरी रागी जत्थे द्वारा शबद कीर्तन और सुखमणि साहिब पाठ का आयोजन किया गया, जिसके बाद अंतिम अरदास के साथ हिन्दू-सिख आस्था के अटूट संकल्प के प्रतीक श्री हेमकुंड साहिब के कपाट बंद कर दिए गए।
इस अवसर पर सेना के बैंड की मधुर और गौरवशाली धुनों से पूरा क्षेत्र गूंजायमान रहा, जो शौर्य और आध्यात्मिकता के संगम को प्रदर्शित करता है।
बता दें कि इस वर्ष 25 मई से आरंभ हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा ने श्रद्धालुओं की संख्या के पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस सीज़न में 2,75,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने सकुशल दर्शन किए। यह संख्या अटूट विश्वास और ईश्वर के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
विपरीत परिस्थितियों में चमोली पुलिस बनी 'श्रद्धालुओं की ढाल'
एसपी चमोली सर्वेश पंवार के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में, पुलिस के जवानों ने बर्फबारी, कड़कती ठंड और बारिश जैसी हर विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए SDRF के साथ मिलकर सतत निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया और तत्परता ने दुर्गम रास्ते को भी सरल और सुरक्षित बना दिया।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा और वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह जी ने विशेष रूप से थानाध्यक्ष गोविन्दघाट विनोद रावत और चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह की मुस्तैदी, तत्परता और कुशल प्रबंधन की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया।
श्रद्धालुओं ने चमोली पुलिस की प्रतिबद्धता और मानवता की खुले दिल से प्रशंसा की।

0 टिप्पणियाँ