गोपेश्वर : पुलिस लाईन में सोमवार 2 मार्च को होलिका दहन का पर्व पूरे विधि-विधान,पूजा-अर्चनाएवंपारंपरिक रीति-रिवाज के साथ बहुत ही हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस लाइन मैदान प्रांगण में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ होलिका दहन किया गया। जैसे ही अग्नि प्रज्ज्वलित हुई, पूरा परिसर उत्साह, श्रद्धा और “होली है” के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर हम सभी अपने भीतर की नकारात्मकता, द्वेष और कटुता को त्यागकर सकारात्मक विचार, आपसी सौहार्द और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाने का संकल्प लें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छोटे छोटे बच्चे पूरे मैदान में उमंग और मुस्कान बिखेरते नजर आए। होलिका दहन के उपरांत खुशी, प्रेम और मित्रता के इस महापर्व पर पुलिस कर्मियों, पुलिस परिवार के सदस्यों एवं बच्चों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया। पूरा परिसर पारिवारिक एकता और उल्लास का जीवंत उदाहरण बन गया।
इस गरिमामय अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक चमोली आनंद सिंह रावत, यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना, यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ