देहरादून : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं के लिए बहुत बड़ी सौगात दी है। उन्होंने नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1 अरब 45 करोड़ 93 लाख रूपये की धनराशि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों को सशक्त बनाने के लिए जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बेटा-बेटी के बीच भेदभाव को समाप्त कर कन्या जन्म को प्रोत्साहन देने के लिए नंदा गौरा योजना संचालित कर रही है। इस योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रूपये और 12वीं पास करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रूपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 3,77,784 (तीन लाख 77 हजार सात सौ चौरासी ) बालिकाओं को कुल 11 अरब 68 करोड़ 49 लाख रूपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन दे रही है, साथ ही शिक्षित होने के बाद रोजगार के लिए भी बेटियों को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण भी दिया जा रहा है। जिससे सरकारी सेवाओं में उत्तराखण्ड की महिलाओं की स्थिति मजबूत हुई है, और सरकारी कार्यालयों की कार्य संस्कृति ज्यादा बेहतर हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लखपति दीदी योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने कहा नंदा गौरा योजना कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन देने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा और समाज में लैंगिक असमानता को कम करने में सफल रही है।
इस अवसर पर विभागीय मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने कहा कि, इस वर्ष लाभांवित होने वाली बालिकाओं में 5,913 नवजात हैं, जबकि 27,338 को कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
इस कार्यक्रम में सचिव श्री चंद्रेश कुमार, निदेशक श्री बंशीलाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ