कर्णप्रयाग : ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। शुक्रवार को गौचर के समीप फेज पांच और छह पर लगभग 2700 मीटर की एक सुरंग के आर-पार होने से निर्माण कार्य में एक उपलब्धि और जुड़ गई है। अभियंताओं की टीम ने श्रमिकों को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को यादगार क्षण बताया।
मेगा कंपनी के तत्वावधान में निर्मित कमेंडा गांव की सीमा से भट्टनगर गांव की सीमा तक सुरंग खुदान का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
मेगा कंपनी के सर्वे इंचार्ज दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि सुरंग के निर्माण में लगभग तीन साल का वक्त लगा। इस सुरंग के निर्माण कार्य के पूरा होने पर कंपनी के कर्मचारियों ने खुशी व्यक्ति की।
बताया ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना का 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 2025 तक सभी सुरंगों का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन का 104 किलोमीटर हिस्सा सुरंग से होकर गुजरेगा। शेष 21 किलोमीटर में पुल और रेलवे स्टेशन होंगे।
रेल मार्ग पर 16 मुख्य व 12 सहायक सुरंगे बनाई जाएंगी। सात सहायक सुरंगे ऋषिकेश बद्रीनाथ हाईवे से जोड़ी जा रही है, जो आपातकाल में निकासी का कार्य करेगी।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर एच एन सिंह, आरबीएल मैनेजर उमेश डांगी इंजीनियर दीपक कुमार, इंजीनियर अवनीश कुमार, सुभाष ठाकुर, दीपक शर्मा, आनंदपाल सिंह गंभीर सिंह व्यास देव शर्मा आदि कंपनी के कर्मचारी मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ