RAJYA SABHA ELECTION : राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने रविवार को अपने उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की है । भाजपा ने उत्तराखंड से प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। यह सीट राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के कार्यकाल पूर्ण होने पर खाली हुई है।
राज्यसभा सीट के लिए मतदान 27 फरवरी को होना है। इसके लिए उम्मीदवार अपना नामांकन 15 फरवरी तक कर सकते हैं । 16 फरवरी को स्क्रूटनी होगी । नाम वापिस लेने की तारीख 20 फरवरी होगी। 27 फरवरी को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक विधानसभा में मतदान होगा। और इसी दिन रात तक परिणाम घोषित हो जायेंगे।
बता दें कि महेंद्र भट्ट वर्तमान में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने प्रदेश की राजनीति के अलावा कई जन आंदोलनों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। 1992 में रामजन्मभूमि आंदोलन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस दौरान वे 15 दिनों तक पौड़ी के कांसखेत जेल में रहे। उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी वे पांच दिन पौड़ी जेल में बंद रहे।
महेंद्र भट्ट अपने कॉलेज समय से ही विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और उन्होंने 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश सह मंत्री, जिला संयोजक, जिला संगठन मंत्री, विभाग संगठन मंत्री जैसे पदों का दायित्व संभाला। उनके कार्यों को देखते हुए 1997 में उन्हें भाजपा युवामोर्चा का प्रदेश सह मंत्री का कार्यभार दिया गया। 1998 से 2000 में उत्तरांचल युवामोर्चा में प्रदेश महामंत्री का दायित्व संभाला। इसके बाद 2000 से 2002 में राज्य निर्माण के समय उत्तरांचल प्रदेश युवामोर्चा का प्रथम प्रदेश अध्यक्ष रहे।
2002 से 2005 तक भट्ट जी ने युवामोर्चा राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य के साथ-साथ ही हिमाचल एवं महाराष्ट्र युवामोर्चा के प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभाला। 32 साल की उम्र में 2002 से 2007 तक वे पहली बार नंदप्रयाग विधानसभा से सदस्य निर्वाचित हुए और विधानमंडल में मुख्य सचेतक का दायित्व संभाला। वहीं, 2007 से 2010 तक प्रदेश भाजपा में विभिन्न दायित्व संभाले। वे प्रदेश मंत्री, गढ़वाल संयोजक व प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे। 2010 से 2012 तक राज्यमंत्री का दायित्व संभाला।
2012 से 2017 तक उन्होंने पार्टी के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए पार्टी को मजबूत बनाने में सराहनीय प्रयास किया। इस दौरान गढ़वाल प्रभारी रहते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा निकाली। 2017 के विधानसभा चुनाव में वे बद्रीनाथ विधानसभा से सदस्य निर्वाचित हुए। वर्तमान में वे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हैं। बताया जा रहा है अध्यक्ष रहते हुए पार्टी को संगठित करने और संगठन को मजबूती देने में उनकी भूमिका को देखते हुए ही उन्हें यह नया दायित्व सौंपा गया है।
0 टिप्पणियाँ