DEHRADUN : प्रदेश में मुख्य सचिव को लेकर चल रही अटकलों पर अल्पविराम लग गया है। राधा रतूड़ी के रूप में प्रदेश को पहली महिला मुख्य सचिव मिली है। वह 1988 बैच की आईएएस अधिकारी और वर्तमान में अपर मुख्य सचिव हैं। उनकी गिनती ईमानदार अफसरों में होती है।
वर्तमान मुख्य सचिव डॉ.सुखबीर सिंह संधु का कार्यकाल 31 जनवरी 2024 को समाप्त हो रहा है। इससे पहले 1988 बैच के आईएएस अधिकारी संधु को सेवानिवृत्ति के बाद 6 महीने का सेवा विस्तार दिया गया था, जो 31 जनवरी को पूरा हो रहा है।
बता दें कि इससे पहले सचिवालय में मुख्य सचिव को लेकर दो नाम चर्चा में चल रहे थे। इनमें पहला नाम डॉ. संधु का ही था। ये अटकलें भी लगाई जा रही थी कि कि डॉ. संधु को एक बार फिर 6 महीने का सेवा विस्तार दिया जा सकता हैं, किंतु राधा रतूड़ी के नाम की घोषणा होने से अब इन अटकलों पर अल्पविराम लग गया है।
जानकारों के मुताबिक डॉ. संधु के बाद अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ही प्रदेश में सबसे सीनियर अधिकारी हैं और वह मुख्यमंत्री धामी की पसंदीदा अफसरों में से एक हैं। इससे पहले वह प्रदेश में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। वे अपने व्यवहार व सादगी भरी जीवन शैली को लेकर भी काफी चर्चा में रहती हैं। मधुर व्यवहार और साफ छवि वाली राधा रतूड़ी को सरकार ने उनके रिटायरमेंट से कुछ महीने पहले ही ये अहम जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। डॉ. संधु के रिटायरमेंट से एक दिन पहले ही उत्तराखंड के मुख्य सचिव के रूप में उनके नाम की घोषणा हुई है। राधा रतूडी जी के पति आईपीएस अनिल रतूड़ी भी प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के पद से रिटायर हुए हैं।
0 टिप्पणियाँ