पौड़ी : उत्तराखंड के जनपद पौड़ी को राज्यसभा सांसद व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रिय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी एक अनूठी सौगात देने जा रहे हैं। उन्होंने पौड़ी नगर में माउंटेन म्यूजियम व प्लेनेटोरियम (तारामंडल) के निर्माण के लिए 4.62 करोड़ रूपये की प्रारंभिक राशि जारी की है। इन दोनों संस्थानों के निर्माण में करीब तीस करोड़ रूपये की राशि खर्च होने का अनुमान है, जिसे वे अपनी सांसद निधि और अन्य संस्थाओं की मदद से जुटाएंगे।
अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी इस विषय में उत्साह दिखाया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि प्रदेश सरकार की ओर से इस कार्य में यथा संभव सहयोग किया जाएगा साथ ही इस परिसर में शैक्षिक, ज्ञानवर्धक एवं रोचक गतिविधियों लिए भी हमारी तरफ से जो भी आवश्यकता होगी वो पूर्ण की जाएगी।
सांसद महोदय के अनुसार यह प्रदेश का पहला और अखिल भारतीय स्तर पर भी अनूठा केंद्र होगा जहाँ खगोल-भूगोल, इतिहास व संस्कृति को एक ही स्थान पर परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा। पौड़ी की अपने आप में एक विशिष्ट भौगोलिक संरचना है, जिसके समक्ष एक लंबी पर्वत श्रंखला और हिमालयी चोटियों का सुस्पष्ट विहंगम दृश्य दिखाई देता है, जो पौड़ी नगर को प्लेनेटोरियम (तारामंडल) व माउंटेन म्यूजियम (पर्वतीय संग्राहलय) के सयुंक्त निर्माण का आदर्श स्थल बनता है, जो भविष्य में देश-विदेश के खगोलीय जिज्ञासुओं का प्रिय डेस्टिनेशन बनेगा।
बलूनी ने कहा कि आने वाले समय में यह दोनों संस्थान विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय होंगे। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थी अनेक कौतुहलों और प्रश्नों का समाधान यहाँ प्राप्त करेंगे। इन संस्थानों के निर्माण से नगर में पर्यटकों की गतिविधियां भी बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि इस केंद्र को एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए इसे अन्य शैक्षिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा। इस बहुउद्देशीय संस्थान में अतिथि गृह,जैव विविधता, नॉलेज पार्क व साइंस पार्क भी विकसितकिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ