अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली में 11 महिलाओं को मिला कल्याणी सम्मान
नई दिल्ली : उत्तराखंड की सामाजिक संस्था कल्याणी सामाजिक संगठन ने दिल्ली के गढ़वाल भवन में 8 मार्च 2022 अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक आयोजन किया गया जिसमें उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों में अपने अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 11 महिलाओं को कल्याणी सम्मान 2022 से नवाजा गया।
कल्याणी संगठन द्वारा यह तीसरा सम्मान समारोह था जिसकी शुरुआत कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अवकाश प्राप्त संगीत संयोजिका व निर्देशिका आकाशवाणी नजीबाबाद माधुरी बड़थ्वाल, लोक गायिका हेमा नेगी करासी, समाज सेविका अंजू अरविंद कुमार, लोक गायक स्वर्गीय चंद्र सिंह राही की धर्मपत्नी सुधा देवी राही, कल्याणी सामाजिक संस्था की अध्यक्षा बबीता नेगी व समस्त कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा सयुंक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया इसके अलावा उत्तराखंड समाज से जुड़े समाजसेवी, प्रबुद्धजन भी महिलाओं को शुभकामनाएं देने के लिए समारोह में पहुंचे थे। गढ़वाल भवन के प्रांगण में उत्तराखंडी ढोल दमों और मसकबीन का स्वर उपस्थित जनसमूह को उत्तराखंड में होने का अहसास दे रहा था। वहीं हाल के अंदर चल रहे कार्यक्रम में उत्तराखंडी संस्कृति के रंग भरे जा रहे थे। समारोह पूरी तरह से महिलाओं के लिए था इसलिए इसका संचालन भी महिला के ही हाथों में था। उत्तराखंड की प्रख्यात मंच संचालिका मंजू बहुगुणा ने अपने कुशल संचालन से मंच की शोभा बढ़ाई तो लोक गायिका कल्पना चौहान, हेमा नेगी करासी, आशा पांडे तथा गायक रमेश नौटियाल ने अपने अपने अंदाज़ में लोकगीत गाकर उपस्थित जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं दर्शक दीर्घा में बैठे अधिसंख्य पुरुषों ने महिलाओं का हौंसला बढ़ाया।
इन 11 महिलाओं को मिला कल्याणी सम्मान 2022
1. तनुजा जोशी (गुलमोहर लेडी, काठगोदाम, हल्द्वानी, जिला नैनीताल)
2. नंदी बहुगुणा (ग्राम साबलि, चंबा,, टेहरी गढ़वाल)
3. सुधा भंडारी (ग्राम रायडी, केदारघाटी, जिला रुद्रप्रयाग)
4. शांति वर्मा "तन्हा" (ग्राम थात कॉलोनी, लखसियार, देहरादून)
5. पूजा ढौंडियाल शर्मा (ग्राम गरियाखाल, पौड़ी गढ़वाल)
6. लक्ष्मी रावत पटेल (ग्राम दंदल, पौड़ी गढ़वाल)
7. गरिमा सुन्द्रियाल (पंजारा बड़ा, पौड़ी गढ़वाल)
8. आशा बिष्ट गुसाईं ( ग्राम झीझार, अल्मोड़ा)
9. कुम्मू भटनागर (हल्द्वानी, जिला नैनीताल)
10. अभिलाषा पालीवाल (हल्द्वानी, जिला नैनीताल)
11. ग्रामीण बाल विकास संगठन (बाल पंचायत, बजींगा, टेहरी गढ़वाल)
इस सुअवसर पर कल्याणी संस्था द्वारा कुछ प्रमुख समाजसेवियों और पत्रकारों का भी सम्मान किया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता और समाजसेवी संजय शर्मा दरमोडा व डीपीएमआई के चेयरमैन व मयूरविहार दिल्ली भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती सहित कई अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
संस्था की अध्यक्षा बबीता नेगी द्वारा उत्तराखंड की खबरों को जनता तक पहुंचाने वाले कुछ चुनिंदा पत्रकारों को जिनमें सर्वश्री सीएम पपने, हरीश असवाल, दीप सिलोड़ी, सत्येंद्र सिंह नेगी, आनंद जोशी, और ग्रामीण पत्रकार जगमोहन डांगी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया ।
सामरोह के अंत में कल्याणी की अध्यक्षा बबीता नेगी ने समारोह में उपस्थित सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं आज दुनिया के हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं और हमें चाहिए कि उनके सशक्तिकरण के लिए सबको मिलकर और काम करने चाहिए और सभी महिलाओं का घर से ही सम्मान करना चाहिए साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों और कार्यक्रम को सफल बनाने वाले अपने सहयोगियों का हार्दिक आभार प्रकट किया।
0 टिप्पणियाँ