नैनीताल : भूमि और खसरा देने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में जिलाधिकारी वंदना ने रामगढ़ तहसील के राजस्व उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उनके खिलाफ शिकायत और उपलब्ध ऑडियो की प्राथमिक जांच में आरोप सिद्ध होने पर यह कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी ने साफ किया है कि अगर पटवारी पर लगे आरोप विभागीय जांच में भी सही साबित होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी नैनीताल वंदना ने बताया कि राजस्व उप निरीक्षक प्रकाश चंद्र के फेसबुक पर रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल हुआ था । जिसके बाद उक्त ऑडियो की जांच के आदेश दिए गए थे। जांच के बाद पाया गया कि वायरल ऑडियो में आवाज प्रकाश चंद्र देवतल्ला की ही है। उनपर सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने, कार्य में बेवजह देरी व भूमि का खसरा देने के एवज में 25 हजार से 50 हजार की रिश्वत मांगने के आरोप हैं। डीएम ने बताया कि निलंबन की अवधि में राजस्व उपनिरीक्षक तहसील खनस्यूं में संबद्ध रहेंगे।
जिलाधिकारी ने विभागीय जांच के दिए आदेश
जिलाधिकारी नैनीताल ने रिश्वत मांगने के प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लिया है। साथ ही संबंधित कार्मिक के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रहा है। दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अन्य कर्मियों को भी चेताया है कि वह अपने कार्य में पारदर्शिता रखे। वहीं लोगों से अपील की है कि किसी भी कर्मी द्वारा रिश्वत मांगे जाने पर इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन या टोलफ्री नंबर 1064 पर शिकायत करें।

0 टिप्पणियाँ