देहरादून : श्री नन्दा देवी राजजात समिति के अध्यक्ष डॉ० राकेश कुंवर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समन्वय समिति के अध्यक्ष एडवोकेट विनोद नौटियाल के साथ नन्दा देवी राजजात यात्रा की व्यवस्थाओं के संबन्ध में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के आवास पर भेंट की। इस दौरान समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल ने उन्हें राजजात यात्रा की व्यवस्थाओं के संबध में 52 सूत्री मांग पत्र प्रस्तुत किया। साथ ही पूर्व में भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र की कार्यवाही में पारित अनुपूरक बजट से टोकन मनी संबंधित विभागों को आवंटन हेतु भी अनुरोध किया।
वहीं वसंत पंचमी पर नन्दा राजजात मनौती व दिनपट्टा महोत्सव में श्री नन्दादेवी राजजात कार्यक्रम के शुभारंभ हेतु माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को नन्दादेवी मंदिर नौटी में आमंत्रित करने हेतु भी मुख्यमंत्री जी से अनुरोध किया गया।
मुख्यमंत्री धामी जी द्वारा ध्यान पूर्वक पूरी गंभीरता से विचारोपरान्त सभी मांगो पर सहमति व्यक्त करते हुए संबंधित को शीघ्र टोकन मनी जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री जी को आमंत्रित करने पर सहमति व्यक्त की।
प्रतिनिधि मंडल में गढ़वाल राजवंश की ओर से ठाकुर भवानी सिंह जी कुमाऊँ राजवंश के प्रतिनिधि मनोज सनवाल, नन्दादेवी राजजात समिति के अध्यक्ष डॉ राकेश कुंवर, अध्यक्ष श्री नन्दादेवी मंदिर समिति, पलायन आयोग के सदस्य श्री सुरेश जी सुयाल, श्री नन्दादेवी मंदिर समिति अल्मोड़ा के अध्यक्ष मनोज वर्मा, व्यापार संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष संजय शाह, श्री नन्दादेवी राजजात समिति के महामंत्री श्री भुवन नौटियाल, सचिव पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, सदस्य डा० हरीश मैखुरी, संयोजक विशन सिंह कुंवर, आदि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ