Karnprayag : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सेवाई में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल विकास निगम लिमिटेड के संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों से परियोजना से जुड़े कार्यों, सुविधाओं और प्रगति के बारे में जानकारी ली, साथ ही साइट पर कार्य कर रहे श्रमिकों से मिलकर उनका कुशलक्षेम भी जाना।
मुख्यमंत्री ने कहा माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में रेल परियोजना का निर्माण कार्य तीव्रगति से चल रहा है। यह रेल परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। जब यह परियोजना पूरी होगी तब क्षेत्र में समृद्धि, रोजगार, व्यापार समेत अनेक संभावनाएं विकसित होंगी।
सीएम धामी ने कर्णप्रयाग में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग करते हुए अपने चुनाव प्रचार का शुभारंभ करते हुए नगर निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की। इससे पूर्व कर्णप्रयाग में पदयात्रा कर आमजन से भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा मुझे पूर्ण विश्वास है कि विधानसभा और लोकसभा की भांति इन चुनावों में भी सम्मानित जनता भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने देवभूमि की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड राज्य को अनेक सौगातें दी हैं। जिसमें ऑल वेदर रोड, हवाई कनेक्टिविटी एवं रेल लाइनों के निर्माण से उत्तराखंड में आवागम के साथ सभी प्रकार की सुविधाएं शामिल है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन बनने के बाद उत्तराखंड के चारों धाम रेल कनेक्टिविटी से जुड़ जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रदेशवासियों को न केवल यातायात सुविधा मिलेगी, बल्कि बद्रीनाथ और केदारनाथ आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भी इसका भरपूर लाभ मिलेगा। यात्रियों को शीतकालीन यात्रा में भी सहुलियत मिलेगी। इस रेल परियोजना से न केवल वर्तमान अपितु भविष्य भी सुधरेगा।
रेल परियोजना के अधिकारियों ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की लंबाई 125 किलोमीटर है। इसमें 16 टनल और 12 स्टेशन बन रहे है। आगामी 2026 दिसंबर तक इस परियोजना का अधिकांश कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। कर्णप्रयाग का रेल स्टेशन सेवाई में बन रहा है। गौचर के भट्टनगर से सेवाई तक 6.3 किलोमीटर स्केप टनल विगत 25 दिसंबर को ब्रेक थ्रू हो चुकी है, जबकि 6.2 किलोमीटर मेन टनल आगामी मार्च में ब्रेक थ्रू हो जाएगी। मेन टनल पर अब मात्र 695 मीटर का काम शेष है जिस पर दोनों ओर से काम चल रहा है। रेल परियोजना के अधिकारियों ने बताया कि सेवाई में परियोजना के तहत एक रोड ब्रिज और एक रेल ब्रिज का कार्य भी प्रगति पर है।
इस अवसर पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, ब्लाक प्रमुख दर्शन दानू, जिलाधिकारी संदीप तिवारी, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, रेल विकास निगम के एजीएम अजय कुमार, डीजीएम भूपेंद्र सिंह, उप प्रबंधक लोकेश सिंह व कुनाल कुमार आदि मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ