गैरसैंण : पहाड़ के लिए संघर्षरत उत्तराखंड क्रांति दल ने गैरसैंण के दिवालीखाल में अपना केंद्रीय कार्यालय खोलने के साथ ही श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के सभागार में दो दिवसीय अधिवेशन की शुरुआत करते हुए गैरसैंण को राजधानी बनाने की मांग एक बार फिर तेज कर दी है।
यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष पूरण सिंह कठैत ने कहा कि हम पहाड़ी राज्य के विकास, गैरसैंण स्थायी राजधानी के साथ ही जल, जंगल, जमीन के मुद्दों के लिए सदा से संघर्षरत रहे हैं और रहेंगे। अधिवेशन में पार्टी ने निर्णय लिया है कि गैरसैंण राजधानी की मांग को लेकर संघर्ष और तेज किया जाएगा। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय खोलने का मकसद भी यही है।
अधिवेशन में बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती, निकाय और पंचायत चुनावों पर चर्चा भी की गई। इससे पूर्व वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की मूर्ति पर माल्यार्पण और उत्तराखंड राज्य के शहीदों को याद किया गया।अधिवेशन में पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष नारायण सिंह जंतवाल, कार्यकारी अध्यक्ष आनंद प्रकाश जुयाल, कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय उपाध्यक्ष विजयंत सिंह निजवाला, जयप्रकाश उपाध्याय, केंद्रीय उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रमिला रावत, कुंवर प्रताप, महामंत्री सुनील कोटनाला, केंद्रीय महामंत्री मीनाक्षी, केंद्रीय मुख्य मीडिया प्रभारी अनिल थपलियाल, केंद्रीय संगठन मंत्री अर्जुन रावत आदि उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ