करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा हमारी सरकार विकास के लिए संकल्पबद्ध


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा हमारी सरकार विकास के लिए 

संकल्पबद्ध


सोलहवें हिमवंत कवी चंद्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव का हुआ शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया उद्घाटन 

कर्णप्रयाग : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को जनपद चमोली के पोखरी पहुंचकर सात दिवसीय सोलहवें हिमवंत कवि चन्द्रकुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव मेले का उद्घाटन किया इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने पोखरी नगर विकास के लिए सीसी व टाइल्स मार्गो के निर्माण, पोखरी नगर में नालों का निर्माण, नगर पंचायत पोखरी में सोलर लाइट स्थापित करने, पोखरी में मिनि स्टेडियम के अवशेष निर्माण कार्य हेतु धनराशि की स्वीकृति, पुष्करेश्वर महादेव मंदिर पोखरी गांव तक सिंचाई विभाग के नाला निर्माण कार्य और राजकीय पोखरी मेले को 5 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।

प्रकृति के चितेरे कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रख्यात कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल ने मात्र 28 साल की उम्र में हिंदी साहित्य को अनमोल कविताओं का समृद्व खजाना दे दिया था।  उन्होंने कहा कि उनकी कविताओं में अटूट प्रकृति प्रेम झलकता है। जीवन के अपने छोटे से सफर में उन्होंने सात सौ से भी अधिक कविताएं, गीत, मुक्तक, निबंध आदि लिखकर एक इतिहास रचा है। हिमशिखर, सदानीरा कल कल करती नदियां, लंबे चौडे लहलहाते चारागाह, दूर दूर तक फैले चीड़, बांज, बुरांश, देवदार के घने जंगल, रंग बिरंगे फूलों से लदालद भरी घाटियां, पशु पक्षी, ऋतुओं का पट-परिवर्तन, घन गर्जन सभी का चमत्कारिक चित्रण उनकी कविताओं में मिलता है।

मुख्यंमत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता राज्य का विकास करना है इसके लिए हम हर क्षेत्र को विकसित करने के लिए संकल्पित हैं। हमारे संकल्प, विकल्प रहित हैं और हम हर संकल्प को सिद्धि तक ले जाने का काम कर रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ग्रामोदय से भारत उदय मिशन के साथ लगातार काम कर रही है। केन्द्र और राज्य सरकार के माध्यम से गरीब कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दुनिया को संदेश दिया कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। राज्य जब 25वॉ स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में राज्य देश का अग्रणी, आदर्श और नंबर वन बनेगा।  हमारी सरकार हर समय जनता की सेवा में समर्पित है। 

मुख्यमंत्री ने नौजवानों के लिए कहा कि उनके भविष्य के साथ किसी भी कीमत में खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दोषी और भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा दी जाएगी। युवाओं का समय खराब न हो इसके लिए लोक सेवा आयोग के माध्यम से शीघ्र अतिशीघ्र सात हजार पदों की परीक्षाएं संपन्न करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही सरकार 12 हजार रिक्त पदों को भरने के लिए भी विज्ञप्ति जारी करने जा रही है।

नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शॉल, मोमेंटों एवं चन्द्र कुंवर बर्त्वाल का चित्र भेंट किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, पूर्व थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला तिवारी, कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, एडीएम डा.अभिषेक त्रिपाठी, भाजपा जिला महामंत्री समीर मिश्रा, मेलाधिकारी/एसडीएम कमलेश मेहता, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ