देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनवमी के शुभ अवसर पर एलाइंस एयर की ओर से देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच संचालित होने वाली हवाई सेवा का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने प्लेन में सवार पैसेंजरों से मुलाकात की। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए 42 सीटर विमान सेवा शुरु होने से देहरादून-पिथौरागढ़ का सफर एक घंटे में पूरा हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फ्लाइट को हवाई संपर्क योजना के अंतर्गत संचालित किया जाएगा। एलाइंस द्वारा करीब 42 सीटर विमान से इस सेवा को शुभारंभ किया गया है। देहरादून-पिथौरागढ़ उड़ान शुरू होने से से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच में हवाई सफर करने वाले को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा हवाई संपर्क योजना के अंतर्गत कुछ अन्य जिलों को भी आपस में जोड़ने को तैयारी की जा रही है। देहरादून से नैनी सैनी हवाई अड्डे के लिए 42 सीट विमान उड़ान भरेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के विज़न से प्रेरित होकर हमने एक मार्गदर्शक सिद्धांत अपनाया है। एक बार कोई प्रोजेक्ट शुरू हो जाए, तो वह बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ना चाहिए। आज, हमें यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि देहरादून-पिथौरागढ़ को जोड़ने वाली 42 सीटों वाली एक उड़ान सेवा अभी चालू है। यह पहल निस्संदेह इस क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने में अभूतपूर्व सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने दो दिन पूर्व ही उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी प्रदान की है। जिसके अंतर्गत, आगामी 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये के बजट से 100 नए हवाई अड्डों और 200 नए हेलीपैड के विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना का विस्तार विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने तथा दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में सस्ती एवं सुगम हवाई सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएँ मात्र एक परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी है। दुर्गम और दूरस्थ अंचलों में आवश्यक सामग्री पहुँचाने से लेकर गंभीर रोगियों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक लाने में हवाई सेवाएं कारगर साबित हो रही हैं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्तमान में उड़ान योजना के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन किया जा रहा है। राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए वर्ष 2023 में “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” प्रारंभ की गई है। वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर उड़ानों का नियमित संचालन किया जा रहा है। बीते चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है। साथ ही, हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। उत्तराखण्ड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” जैसा राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के जरिए देहरादून-पिथौरागढ़ विमान सेवा के लिए अपनी शुभकामानाएं दीं। समारोह में कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, श्री भरत चौधरी, विधायक श्री बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक श्रीमती चंद्रा पंत, दायित्वधारी श्री हेमराज बिष्ट, एलाइंस एयर के सीएमडी श्री अमित कुमार, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान, एसीईओ श्री संजय टोलिया मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ