पौड़ी : गढ़वाल मंडल के विभिन्न स्थानों पर 25 से 30 मार्च तक आयोजित होने वाले छह दिवसीय 'लोकरंग महोत्सव' में 7 राज्यों के कलाकार अपनी संस्कृति, संगीत और पारंपरिक नृत्य का प्रदर्शन करेंगे। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पंजाब और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न लोक रंगों को एक मंच पर लाना और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देना है।
लोकरंग उत्सव गढ़वाल मंडल के विभिन्न स्थानों पर रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 29 को श्रीनगर और 30 मार्च को पौड़ी में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। यह आयोजन पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से किया जाएगा।
लोकरंग उत्सव में देश के सात राज्यों राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कलाकार अपनी-अपनी समृद्ध लोकपरंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे। इन रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों को भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने का अवसर मिलेगा।
पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के संस्थापक डॉ. बीपी बलोदी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को देश की विभिन्न संस्कृतियों से जोड़ना और लोक कला के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

0 टिप्पणियाँ