DEHRADUN : बृस्पतिवार को राजभवन में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ राज्यपाल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। इस दौरान वर्ष 2023 के लिए चयनित 19 शिक्षकों को शैलेश मटियानी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने शैलेश मटियानी पुरस्कार की धनराशि दोगुनी करने की घोषणा की। यह पुरस्कार राशि पहले 10 हजार थी, जिसे बढाकर 20 हजार कर दिया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ही हम शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी का समावेश करते हुए विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों के साथ ही शिक्षकों के उत्थान हेतु भी हमारी डबल इंजन सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कहा कि गुरु का स्थान सबसे ऊपर है। राज्य शैक्षिक पुरस्कार से चयनित उत्कृष्ट शिक्षक अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आज के दिन, विशेष रूप से, हर व्यक्ति को अपने विद्यार्थी जीवन की अवश्य ही याद आती है और अपने शिक्षक भी याद आते हैं। अपने गुरुओं को याद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि गुरुओं द्वारा दिया गया ज्ञान आज भी मार्गदर्शन और प्रेरणा देता है।
उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि मैं शिक्षा के क्षेत्र में आपकी सेवाओं और प्रतिबद्धता के लिए प्रदेशवासियों की ओर से आपका आभार व्यक्त करता हूँ।
इस मौके पर सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रामन, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बंशीधर तिवारी, सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार, अपर सचिव शिक्षा रंजना राजगुरु, शिक्षा विभाग के अन्य उच्च अधिकारीगण और पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाएं व उनके परिजन उपस्थित रहे।
सम्मानित होने वाले शिक्षक
प्रारंभिक शिक्षा में सम्मानित शिक्षकों में पौड़ी ज़िले से आशा बुडाकोटी, उत्तरकाशी से संजय कुमार कुकसाल, देहरादून से ऊषा गौड़, हरिद्वार से संजय कुमार, टिहरी से उत्तम सिंह राणा, चंपावत से रवीश चंद्र पंचौली, बागेश्वर से सुरेश चंद्र सती, पिथौरागढ़ से गंगा आर्य, और नैनीताल से डॉ. आशा बिष्ट शामिल हैं।
माध्यमिक शिक्षा के तहत पुरस्कार प्राप्त करने वालों में उत्तरकाशी से लोकेंद्रपाल सिंह, देहरादून से संजय कुमार, पिथौरागढ़ से दमयंती चंद, बागेश्वर से त्रिभुवन चंद, अल्मोड़ा से डॉ. प्रभाकर जोशी, और ऊधमसिंह नगर से निर्मल कुमार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण संस्थान से ज़िला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बागेश्वर के प्रवक्ता डॉ. शैलेंद्र सिंह धपोला को भी सम्मानित किया गया।
नृपेंद्र कुमार जोशी और देवेंद्र प्रसाद हरबोला को विशेष प्रकरण के रूप में पुरस्कृत किया गया।
0 टिप्पणियाँ