करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

इंदिरापुरम के शिप्रा मॉल मैदान में तीन दिवसीय उतरैणी-मकरैणी कौथिक महोत्सव 2024 का हुआ आगाज

उतरैणी-मकरैणी कौथिक महोत्सव 2024 इंदिरापुरम

उतरैणी-मकरैणी कौथिक महोत्सव 2024 इंदिरापुरम : पर्वतीय प्रवासी जन कल्याण समिति इंदिरापुरम द्वारा तीन दिवसीय (12 जनवरी से 14 जनवरी) उतरैणी-मकरैणी कौथिक महोत्सव 2024 का आज शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि सुनीता दयाल मेयर गाजियाबाद व संस्था की कार्यकारिणी ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की उसके बाद उत्तराखंडी संस्कृति में विशेष महत्व रखने वाले मांगलगीतों की प्रतियोगिता आरंभ हुई जिसमें 6 ग्रुप प्रतिभाग कर रहे हैं। 


उत्तरैणी मकरैणि के प्रति लोगों का उत्साह इस बात से ही पता चलता है कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही लोग आयोजन स्थल पर पहुँचने लगे थे। जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक दिखाई दे रही थी। आयोजन स्थल के मुख्य द्वार पर मां नंदा को स्थान दिया गया था, जहाँ लोग मां का आशीर्वाद लेकर मांगल गीतों के साथ भक्तिरस में रमे हुए थे। कार्यक्रम स्थल को भव्य रूप दिया गया है। 



शाम को 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज होगा जिसमें उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक मुकेश कठैत, प्रकाश कालहा, हेमा जुयाल, पार्वती मनराल, प्रियंका तिवारी  अपनी प्रस्तुतियां देंगे। स्टेज पर नृत्य मंचन से इनका साथ देंगे अभिनेत्री काजल राणा व ग्रुप, वहीं  संगीत होगा सुरेश जुयाल का। सुप्रसिद्ध कलाकार कपिल नेगी मंच का संचालन करेंगे। 

समिति के मीडिया प्रभारी सौरव कबटियाल ने बताया कि इस कौथिक में उत्तराखंडी लोकगीतों के साथ साथ झोड़ा, चांचरी, चौंफला, छोलिया नृत्यों के द्वारा भी पारंपरिक संस्कृति को दर्शाया जायेगा। यही नहीं लोग यहां उत्तराखंड के पारंपरिक खान-पान, पोशाक, आभूषण इत्यादि के स्टॉलों से अपने मन पसंद का सामान ले सकते हैं। साथ ही बच्चों के लिए खूबसूरत झूलों का इंतज़ाम भी किया गया है। 

उन्होंने बताया कि आयोजन के दूसरे दिन 13 जनवरी को सुबह 12 बजे स्थानीय बच्चों के प्रोग्राम होंगे तो शाम को 3 बजे से  दीपा चौहान, हेमा आर्य, फौजी ललित जोशी, श्रवण भरद्वाज, सतेंद्र फरंडियाल व अन्य कलाकारों द्वारा शानदार प्रस्तुतियां पेश की जाएंगी। कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार 14 जनवरी को सुबह के समय महिलाओं के बीच उत्तराखंड के पारंपरिक परिधानों का कॉम्पिटिशन किया जायेगा। और शाम के समय जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण व उनके ग्रुप द्वारा एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों लोगों को देखने को मिलेगी। 

इस आयोजन में पर्वतीय प्रवासी जन कल्याण समिति के अध्यक्ष सागर रावत, महासचिव दिनेश बडोला, संरक्षक विजय रावत, कार्यक्रम संयोजक चिरंजी लाल भट्ट, कोषाध्यक्ष चंपा मनराल, मोहन नेगी, सतीश कुकरेती, सांस्कृतिक कार्यक्रम निर्देशक मेहरबान सिंह रावत, वरिष्ठ सलाहकार विनोद कबटियाल, उपाध्यक्ष रूप सिंह रौथाण, कमल खत्री, राकेश नेगी, उम्मेद पुंडीर, सुबोध कोटनाला, सचिव नंदन मेहता, व्यवस्थापक शैलेन्द्र रावत, नंदा बल्लभ कोठरी, मीडिया प्रभारी जोगेंद्र, सौरभ कबटियाल, दीपक भट्ट, मनोज जुयाल, राजेश जोशी समेत समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता अहम भूमिका निभा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ