VIRASAT 2023 : दिल्ली एनसीआर में उत्तराखण्ड की सबसे पुरानी संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा के 100 वर्ष पूर्ण होने पर सभा द्वारा शनिवार को तालकटोरा स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मशहूर प्लेबैक सिंगर जुबिन नौटियाल और गढ़ नरेश नरेंद्र सिंह नेगी की उपस्थिति लोगों में उत्साह भर गई।
पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड तीरथ सिंह रावत के साथ सभा के कार्यकारिणी सदस्यों ने द्वीप प्रज्वलित कर क्रयाक्रम का शुभारंभ किया।
दर्शकों से खचाखच भरा तालकटोरा स्टेडियम लोगों द्वारा पहने उत्तराखंड की पारंपरिक रंगबिरंगी विभिन्न पोशाकों से व उत्तराखंडी खानपान के स्टालों से पूरी तरह से उत्तराखंड के रंग में रंगा दिखाई दे रहा था। इस पर युवा दिलों की धड़कन बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल, संकल्प खेतवाल तथा गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, स्वर कोकिला कल्पना चौहान, रेखा धस्माना, रेशमा शाह, गजेंद्र राणा, इंदर आर्य, रोहित चौहान आदि ने जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया।
जुबिन नौटियाल ने मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले उत्तरकाशी सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सकुशल बाहर आने के लिए प्रार्थना करने की लोगों से अपील की। इसके पश्चाल उन्होंने अपने सुपरहिट गीत मेरी चौखट में चलके आज चारों धाम आए हैं से समा बांधा फिर उन्होंने लोकप्रिय उत्तराखंडी गीत त्वे तैं जुड्यां च हाथ, छोड़ दे छोड़ दे मेरो हाथ, त्येन चिट्ठी किले नि भेजी से लोगों को पहाड़ से जोड़ा तो लोगों की मांग पर तेरे बिन अब ना लेंगे एक भी दम, तुझे कितना चाहने लगे हम गाकर उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। वही युवा गायक संकल्प खेतवाल ने लोकप्रिय गढ़वाली गीत तेरु बाकि बातौ रूप कमायुं च, त्वे मा सैरु गढ़वाल समायुं च गाकर स्टेडियम में तहलका मचा दिया।
गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने जी रयां जागि रयां मेरा प्रवासी भै बंदो गीत से सभी का अभिनंदन किया और फिर अपने चिरपरिचित अंदाज़ में कई सदाबहार और कर्णप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को अतीत में जाने को मजबूर कर दिया। इसके अलावा स्वर कोकिला रेखा धस्माना उनियाल, कल्पना चौहान, रेशमा शाह समेत इंदर आर्य, गजेंद्र राणा और रोहित चौहान ने अपनी प्रस्तुतियों से अच्छा समा बांधा।
इस अवसर पर गढ़वाल हितैषिणी सभा के सौ वर्ष पूर्ण होने पर सभा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री और विरासत 2023 स्मारिका के विमोचन के साथ ही सभा के पूर्व अध्यक्षों और महासचिवों सहित कई अन्य विभूतियों व लोकप्रियता हांसिल करने वाली पांच प्रादेशिक फिल्मों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही उत्तराखंडी पारंपरिक परिधान, उत्तराखंडी व्यंजन आभूषण प्रतियोगिता के साथ चित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया।
समारोह में दिल्ली एनसीआर सहित उत्तराखंड से भी लोग यहां पहुंचे थे। सुप्रीम कोर्ट के जज सुधांशु धूलिया, विधायक किशोर उपाध्याय, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, दिल्ली के पूर्व विधायक मोहन सिंह बिष्ट, कांग्रेस नेता हरिपाल रावत, भाजपा दिल्ली प्रदेश मंत्री डॉ. विनोद बछेती, वरिष्ठ समाज सेवी व भाजपा कार्यसमिति सदस्य उत्तराखंड अधिवक्ता संजय शर्मा दरमोडा, उत्तराखंड आप के उपाध्यक्ष दिगमोहन नेगी सहित कई गणमान्य लोग मौजद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के जरिए गढ़वाल हितैषिणी सभा को शताब्दी वर्ष महोत्सव के लिए शुभकामनाएं दी।
सभा के अध्यक्ष अजय सिंह बिष्ट ने बॉलीवुड कलाकार जुबिन नौटियाल, नरेंद्र सिंह नेगी और अन्य कलाकारों एवं आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने के लिए सभी भाई बहनों का दिल से आभार जताया।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में उत्तरखंडी उत्पादों व पहाड़ी खानपान के भी स्टाल लगाए गए थे। जिसमें संजय चौहान के पहाड़ी घरात, रेनू उनियाल के उत्तराखंडी रस्याण, सतपुली के माछे भात तथा भुटवा भात के स्टालों पर खासी भीड़ देखने को मिली।
0 टिप्पणियाँ