करंट पोस्ट

8/recent/ticker-posts

गैरसैंण : भराड़ीसैंण में 19 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र मौसम बना बड़ी चुनौती

गैरसैंण : भराड़ीसैंण में 19 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र मौसम बना बड़ी चुनौती


भराड़ीसैंण गैरसैंण :  राजभवन की अनुमति के बाद विधानसभा ने उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में मानसून सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। मानसून सत्र 19 से 22 अगस्त तक चार दिन चलेगा।विधानसभा सचिवालय ने सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने की तैयारियां पूरी कर ली है। 

मानसून सत्र में आपदा व प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से जुड़े सवालों से सत्र गरमाने वाला हो सकता है । सत्र के लिए अब तक विधानसभा सचिवालय को पक्ष-विपक्ष के विधायकों से 545 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं जिनमें से अधिकांश विषय भूस्खलन, आपदा और पुनर्वास से जुड़े हैं। 

इस समय प्रदेश में प्राकृतिक आपदा की घटनाओं व भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में विपक्ष आपदा व प्रभावितों के पुनर्वास व भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति के साथ पहुंचेगा। हालांकि कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक में मुद्दों पर अंतिम निर्णय लेगी। वहीं सत्ता पक्ष भी विपक्ष के सवालों का मजबूती से जवाब देने की रणनीति बना रहा है।

मौसम होगा एक बड़ी चुनौती 

भराड़ीसैण विधानसभा में मानसून सत्र ऐसे समय पर हो रहा है जब पर्वतीय क्षेत्रों में  भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन व प्राकृतिक आपदा की घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में सत्र के लिए पूरी सरकार, विधायकों, अधिकारियों व कर्मचारियों को भराड़ीसैंण पहुंचना एक चुनौती होगा। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि पूरा प्रदेश आपदा की मार झेल रहा है इसलिए सत्र को भराड़ीसैंण में ही आहूत कराना होगा। खराब मौसम का हवाला देकर इसके लिए कोई बहाना नहीं चलेगा। 

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने बताया कि विधानसभा के समक्ष 22 अगस्त से पहले सत्र आहुत करने की संवैधानिक बाध्यता है। 22 फरवरी को देहरादून विधानसभा में बजट सत्र आहुत था। इसके छह माह के भीतर सत्र कराने की अनिवार्यता है। प्रदेश सरकार ही सत्र कराने का समय व स्थान तय करती है। मानसून सत्र भराड़ीसैंण विधानसभा में होना है। इसके लिए हमारी तरफ से तैयारी पूरी है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ